फिरोजाबाद: तेशु-झांझी विसर्जन करने निकले थे लोग, तेज रफ्तार कार ने कुचला, 4 की मौत

Firozabad Car Accident: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में तेशु-झांझी विसर्जन के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रविवार रात तेज रफ्तार कार ने सड़क पर विसर्जन के लिए जुटे लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन किशोरियों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। त्योहार के बीच हुए इस हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया।

पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 8:30 बजे नसीरपुर थाना क्षेत्र के छतनपुरा गांव के पास शिकोहाबाद-बटेश्वर रोड पर हुआ। यहां लोग तेशु-झांझी विसर्जन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार भीड़ में घुस गई और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों की जान चली गई।

तीन किशोरियों समेत चार की मौत

हादसे (Firozabad Car Accident) में जान गंवाने वालों की पहचान अंजलि (15), आकांक्षा (15), बबली (17) और हरीश कुमार (25) के रूप में हुई है। मृतकों में तीन किशोरियां शामिल हैं। घटना में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। कार में सवार लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

कार चालक हिरासत में, जांच जारी

सिरसागंज की सर्कल ऑफिसर चंचल त्यागी ने हादसे की पुष्टि की। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

तेशु-झांझी का त्योहार ब्रज, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पारंपरिक रूप से मनाया जाता है। इस दौरान लोग उत्सव के बाद तेशु-झांझी का विसर्जन करते हैं। फिरोजाबाद में इसी आयोजन के दौरान हुए हादसे ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है।

Also Read: महोबा में मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंदा, मां-बेटे समेत 3 की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.