सुल्तानपुर में फर्जी हस्ताक्षर से 26 वोट कटवाने का मामला, 8 महीने बाद FIR, अखिलेश ने भी उठाया था मुद्दा

Sultanpur Fake Voter Form Case: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में मतदाता सूची से 26 लोगों के नाम कटवाने के लिए कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर से फॉर्म-7 जमा करने के मामले में करीब आठ महीने बाद FIR दर्ज की गई है। मामला गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बूथ संख्या 96 से जुड़ा है। आरोप है कि मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए जमा किए गए फॉर्म में नंदलाल के नाम से फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। इस मामले को समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) भी उठा चुके हैं।

लेखपाल मनीष कुमार मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा को सौंपी गई है। एसडीएम संदीप यादव ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।

नंदलाल बोले, मैं सिर्फ अंगूठा लगाता हूं

पीड़ित नंदलाल का कहना है कि उन्हें कुछ समय पहले पता चला था कि उनके और अन्य लोगों के नाम मतदाता सूची से हटवाने के लिए फॉर्म जमा किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह निरक्षर हैं और हस्ताक्षर करना नहीं जानते, बल्कि केवल अंगूठा लगाते हैं। इसके बावजूद उनके नाम से कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर फॉर्म बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को सौंपे गए।

नंदलाल ने कहा कि उन्हें इस मामले में अनजाने में फंसाया गया है। जानकारी सामने आने के बाद इसकी छानबीन शुरू हुई थी।

अरुण वर्मा ने उठाया था मामला

इस मामले का खुलासा समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अरुण वर्मा ने किया था। इसके बाद अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि फर्जी फॉर्म-7 के जरिए मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने की कोशिश की जा रही है।

सपा के जयसिंहपुर विधानसभा अध्यक्ष अमित यादव के मुताबिक, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान करीब 26 लोगों के नाम कटवाने के लिए बीएलओ को फॉर्म दिए गए थे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पड़ताल की तो नंदलाल के नाम से कथित फर्जी हस्ताक्षर वाला फॉर्म मिलने की जानकारी सामने आई।

अमित यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग की कार्रवाई का स्वागत है, लेकिन यह केवल औपचारिकता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जांच में पता लगाया जाए कि फॉर्म किसने भरे और जमा किए थे तथा कथित फर्जीवाड़े के पीछे कौन जिम्मेदार है।

Also Read: फिरोजाबाद: तेशु-झांझी विसर्जन करने निकले थे लोग, तेज रफ्तार कार ने कुचला, 4 की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.