Lucknow News: दुबग्गा चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की नाक के नीचे अवैध वसूली का खेल, अवैध टैक्सी स्टैंडों से राहगीर बेहाल
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कानपुर बाईपास और सीतापुर बाईपास चौराहे इन दिनों भारी अव्यवस्था और ट्रैफिक जाम के केंद्र बन गए हैं। स्थानीय लोगों और सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस चौराहे पर तैनात ट्रैफिक पुलिस की कथित मिलीभगत से सड़कों पर अवैध टैक्सी स्टैंड धड़ल्ले से फल-फूल रहे हैं। आरोप है कि यह अवैध स्टैंड और नियम विरुद्ध दौड़ने वाले वाहन अब ट्रैफिक कर्मचारियों की मोटी कमाई का जरिया बन चुके हैं, जिसके कारण पूरा दुबग्गा क्षेत्र दिन-रात गंभीर जाम की समस्या से जूझ रहा है।
मानकों को ठेंगा दिखा रहे ई-रिक्शा चालक
चौराहे से गुजरने वाले ई-रिक्शा चालक यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। अधिक मुनाफे के चक्कर में ई-रिक्शों में क्षमता से कई गुना ज्यादा सवारियों को ठूंस-ठूंस कर भरा जा रहा है। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण इन मुख्य सड़कों पर कभी भी कोई बड़ा और जानलेवा सड़क हादसा हो सकता है।
पुलिस बूथ के सामने चल रहा पूरा खेल
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह पूरा खेल किसी अंधेरे में नहीं, बल्कि चौराहे पर बने ट्रैफिक बूथ के ठीक सामने लगातार चल रहा है। हैरानी की बात यह है कि दुबग्गा थाने से चंद कदमों की दूरी पर होने वाले इस गैर-कानूनी संचालन पर न तो ट्रैफिक पुलिस कोई प्रभावी एक्शन ले रही है और न ही स्थानीय पुलिस की तरफ से कोई सख्ती दिखाई दे रही है।
प्रशासन से व्यवस्था दुरुस्त करने की गुहार
पुलिस और प्रशासन की इस कथित अनदेखी व लापरवाही का खामियाजा रोजमर्रा की जिंदगी में आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। वीआईपी रूट और बाईपास होने के कारण यहाँ आए दिन गाड़ियों की लंबी कतारें लग जाती हैं। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि इस भ्रष्टाचार और लापरवाही पर तत्काल लगाम लगाई जाए, अवैध टैक्सी स्टैंडों को मौके से हटाया जाए और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारू रूप से दुरुस्त किया जाए।
Also Read: पंचकल्याणक महोत्सव के लिए सीएम योगी को दिया गया आमंत्रण

