जनता समझ चुकी है भाजपा का सच, 2027 चुनाव को लेकर अखिलेश का बड़ा दावा

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत होती है। उनका आरोप था कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ कर रही है।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की जनता पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा का कोई छल, बल, धोखा या राजनीतिक चाल सफल नहीं होगी, क्योंकि जनता अब झूठ और लूट की राजनीति को समझ चुकी है।

कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा

सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और महिलाएं तथा बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कन्नौज, कौशांबी, प्रतापगढ़, गाजीपुर, हाथरस और कानपुर समेत कई जिलों में बच्चियों की हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दोषियों को बचाया जाता है और निर्दोषों पर अत्याचार होता है। अखिलेश ने यह भी कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए शुरू की गई 1090 वीमेन हेल्पलाइन को वर्तमान सरकार ने निष्क्रिय कर दिया।

इसके अलावा उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, सरकारी धन की लूट और भूमाफियाओं को संरक्षण देने जैसे आरोप भी लगाए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और 2027 के चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी सरकार ही प्रदेश में कल्याणकारी व्यवस्था को मजबूत कर सकती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.