Bahraich News: खुले तालाब में डूबकर मासूम की मौत, SDPI ने चेयरमैन को बताया जिम्मेदार
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले के जरवल कस्बे के मोहल्ला रानीताल में खुले तालाब में डूबकर दो वर्षीय मासूम सनीफ की दर्दनाक मौत पर राजनीति गरमा गई है। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साहिबे आलम ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष (चेयरमैन) को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।
चेयरमैन की लापरवाही से हुई दर्दनाक घटना
साहिबे आलम ने आरोप लगाया कि रानीताल मोहल्ले में खुले तालाब की बाउंड्री निर्माण के लिए क्षेत्र के पत्रकारों और जिम्मेदार नागरिकों ने बार-बार मांग उठाई थी, लेकिन चेयरमैन जरवल ने इन सभी जनहित मांगों को लगातार नजरअंदाज किया।
शुक्रवार को मासूम सनीफ (उम्र 2 वर्ष), पुत्र शाज़िब सिद्दीकी, खेलते-खेलते इसी खुले तालाब में फिसल गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। साहिबे आलम ने कहा कि “अगर चेयरमैन जरवल ने समय रहते तालाब की बाउंड्री निर्माण की मांग को गंभीरता से लिया होता, तो आज वह मासूम हमारे बीच जिंदा होता।” उन्होंने इस घटना को नगर प्रशासन की उदासीनता और जनसुरक्षा के प्रति लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण बताया।
चेयरमैन से इस्तीफे और सार्वजनिक माफी की मांग
साहिबे आलम ने चेयरमैन जरवल से इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चेयरमैन को मृतक बालक के परिवार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
नगर प्रशासन को जनहित की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए रानीताल तालाब की सुरक्षित बाउंड्री का निर्माण तत्काल प्रभाव से कराना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी से बचा जा सके।

