Siddharthnagar News: 2 मार्च की आधी रात से सील होंगे जिले के सभी बॉर्डर, नेपाल में चुनाव के चलते आवाजाही पर रहेगी पाबंदी

Siddharthnagar News: पड़ोसी देश नेपाल में होने जा रहे चुनावों को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा घेरा सख्त कर दिया गया है। सिद्धार्थनगर जिले से सटे नेपाल के बॉर्डर 2 मार्च की मध्य रात्रि से लेकर 5 मार्च तक पूरी तरह सील रहेंगे। नेपाल के रुपनदेही जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के बाद दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया है।

इन रास्तों से नहीं हो सकेगा आवागमन

सीमा सील रहने के दौरान सिद्धार्थनगर जनपद के प्रमुख नाकों, कृष्णा नगर (बढ़नी), खुनुवा, कपिलवस्तु (अलीगढ़वा), ककरहवा, ठोठरी पर सन्नाटा रहेगा।

इन सभी सीमाओं पर आम नागरिकों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का लक्ष्य चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है, ताकि सीमा पार से किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि न हो सके।

Siddharthnagar News: 2 मार्च की आधी रात से सील होंगे जिले के सभी बॉर्डर, नेपाल में चुनाव के चलते आवाजाही पर रहेगी पाबंदी

सिर्फ इमरजेंसी सेवाओं को मिलेगी छूट

आधिकारिक आदेश के अनुसार, सीमा पूरी तरह बंद रहने के बावजूद आपातकालीन सेवाओं को इससे बाहर रखा गया है। निम्नलिखित वाहनों को विशेष अनुमति के बाद आने-जाने दिया जाएगा।

एम्बुलेंस (मरीजों को ले जाने हेतु)

शव वाहन

मेडिकल सेवाओं से जुड़े जरूरी वाहन

चुनाव को देखते हुए सीमा के दोनों ओर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नेपाल की तरफ से नेपाली सेना के जवानों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, भारतीय क्षेत्र में भी एसएसबी (SSB) और स्थानीय पुलिस अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील और अति-संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं। 5 मार्च को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीमा पर आवागमन को दोबारा पहले की तरह सुचारू कर दिया जाएगा। तब तक स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सहयोग करने और इस अवधि के दौरान यात्रा न करने की अपील की है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: Avimukteshwarananda की बढ़ीं मुश्किलें, यौन उत्पीड़न की पुष्टि !

Get real time updates directly on you device, subscribe now.