लद्दाख पर फिर गरमाएगा आंदोलन! वांगचुक ने 19 से 24 सितंबर तक प्रदर्शन का किया ऐलान

Sonam Wangchuk Ladakh Protest: लद्दाख के मुद्दों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक एक बार फिर आंदोलन की तैयारी में हैं। जंतर-मंतर पर जुलाई में प्रदर्शन के बाद अब उन्होंने सरकार को नए आंदोलन की चेतावनी दी है। वांगचुक ने कहा है कि अगर लद्दाख से जुड़े सभी मुद्दों पर सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाया तो 19 सितंबर से 24 सितंबर तक आंदोलन किया जाएगा।

यह फैसला नई दिल्ली में लद्दाख के प्रतिनिधियों और गृह मंत्रालय की सब-कमेटी के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। बैठक में अपेक्षित प्रगति नहीं होने से वांगचुक और लद्दाख के अन्य प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई।

MHA की बैठक में ड्राफ्ट नहीं मिलने से नाराजगी

लेह एपेक्स बॉडी और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के प्रतिनिधि उम्मीद कर रहे थे कि सरकार प्रस्तावित चुनी हुई UT-स्तरीय बॉडी के ढांचे, अधिकारों और दूसरी व्यवस्थाओं को लेकर ड्राफ्ट पेश करेगी।

वांगचुक ने कहा कि 22 मई की पिछली बैठक के बाद से कोई खास प्रगति नहीं हुई। उनके मुताबिक, चार महीने का समय मिलने के बावजूद बैठक में ड्राफ्ट पेश करने के बजाय अगली बैठक में चर्चा के लिए सवालों की सूची दे दी गई।

Sonam Wangchuk ने कहा, “लोगों को बहुत उम्मीदें थीं क्योंकि पिछली मीटिंग को चार महीने हो गए हैं। गृह मंत्रालय के पास भी बहुत समय था। इस बीच बहुत काम किया जा सकता था। लेकिन आज ड्राफ्ट भी हमारे सामने नहीं आया।”

हिंसा के बाद NSA में हुई थी गिरफ्तारी

लद्दाख में स्वायत्तता समेत विभिन्न मांगों को लेकर हुए आंदोलन के दौरान पिछले साल सितंबर में हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान चार लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। सरकार ने वांगचुक पर झड़पों को भड़काने का आरोप लगाया था।

उन्हें 26 सितंबर को हिरासत में लिया गया था और कड़े राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत जोधपुर जेल भेजा गया था। करीब छह महीने जेल में रहने के बाद उन्हें इसी साल मार्च में Sonam Wangchuk को रिहा किया गया।

Also Read: IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पर आरोप तय, 7 आरोपी बरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.