गोरखपुर हादसे पर अजय राय का सरकार पर हमला, बोले- श्मशान घाट तक में भ्रष्टाचार
Ajay Rai: गोरखपुर के राजघाट स्थित अंत्येष्टि स्थल पर गुंबद गिरने से अधिवक्ता संजय सिंह और आलोक अस्थाना की मौत के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय गोरखपुर पहुंचे और दोनों मृतकों के परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और न्याय की लड़ाई में कांग्रेस के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
परिजनों ने घटना की निष्पक्ष और सख्त जांच की मांग की। अजय राय ने कहा कि यह सिर्फ हादसा नहीं है, बल्कि परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है।
भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
अजय राय ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद में श्मशान घाट जैसे संवेदनशील स्थान पर भी भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का बोलबाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण से किसी की जान जाना प्रशासनिक लापरवाही और सिस्टम की विफलता है।
उन्होंने मांग की कि मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराई जाए। जांच में अधिकारी या ठेकेदार जो भी दोषी मिले, उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई हो।
5-5 करोड़ मुआवजे और नौकरी की मांग
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों परिवारों को 5-5 करोड़ रुपये मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को पीड़ितों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा भी देनी चाहिए।
गोरखपुर के विकास के दावों पर भी उन्होंने सवाल उठाए। अजय राय ने कहा कि शहर को स्पेन और जापान जैसा बनाने की बातें होती हैं, लेकिन जमीन पर भ्रष्टाचार और अव्यवस्था दिखती है। उन्होंने गोरखपुर की संस्कृति और धार्मिक विरासत के साथ मजबूत निर्माण, बेहतर सड़क और पारदर्शी व्यवस्था की जरूरत बताई।
Also Read: Lucknow News: पत्नी प्रेमी के साथ भागी तो पति ने कराई उसी से शादी, पहले हलफनामा फिर मंदिर में फेरे

