Ghaziabad News: थाने के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या, मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: गाजियाबाद पुलिस ने मुरादनगर में थाने के ठीक बाहर रवि शर्मा की गोली मारकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मोंटी चौधरी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मोंटी चौधरी पर ₹25,000 का इनाम था।
यह दिल दहला देने वाली घटना गाजियाबाद के मिल्क रावली गांव में कार पार्किंग को लेकर हुए एक मामूली विवाद से शुरू हुई थी। रवि शर्मा की मोंटी चौधरी और अजय नाम के एक शख्स से कहासुनी हो गई थी। इस विवाद के बाद, आरोप है कि मोंटी चौधरी ने रवि शर्मा के घर पर फायरिंग भी की। जब रवि शर्मा अपने परिवार के साथ इस घटना की शिकायत दर्ज कराने मुरादनगर थाने पहुंचे, तो आरोपियों ने थाने के बाहर ही उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। रवि शर्मा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस और बदमाश के बीच जोरदार मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, यह गिरफ्तारी मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली रोड पर हुई, जहां पुलिस लगातार गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान, पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को देखा जो पुलिस को देखकर खिमावती सुराना लिंक मार्ग की ओर तेज़ी से मुड़ गया। पुलिस ने उसका पीछा किया और रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने की कोशिश करता रहा। इसी आपाधापी में उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई और वह गिर पड़ा। जब पुलिस उसे पकड़ने आगे बढ़ी, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस पर जानलेवा हमला करने की नीयत से गोली चलाई। पुलिस टीम ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल, 2 खोखा कारतूस, 3 ज़िंदा कारतूस और एक चोरी की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
हत्या के साथ-साथ POSCO का भी मामला दर्ज
गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि मोंटी चौधरी हत्या जैसे गंभीर अपराध में वांछित था और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ POSCO एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है। इस मामले में दूसरे आरोपी अजय कुमार को पकड़ने के लिए भी पुलिस ने ₹25,000 के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने अजय की तलाश के लिए 5 टीमें बनाई हैं, जो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं।
Also Read: आखिर क्यों आयुष मंत्री ने परामर्श में नहीं दिखाई तबादलों में पारदर्शिता?

