Bareilly News: उप्र महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय ने किया आंवला कोतवाली का औचक निरीक्षण
Bareilly News: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय ने गुरुवार को कोतवाली आंवला स्थित पुलिस पारिवारिक परामर्श एवं मध्यस्थता केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली और समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जमकर प्रशंसा की। केंद्र के अध्यक्ष जय गोविन्द सिंह ने उन्हें अवगत कराया कि परामर्श केंद्र के प्रयासों से अब तक 183 विघटित हो चुके परिवारों का सफलतापूर्वक पुनर्मिलन कराया जा चुका है, जबकि अन्य मामलों में मध्यस्थता की प्रक्रिया जारी है।
निरीक्षण के दौरान केंद्र की उपलब्धियों से संबंधित एक विशेष रंगीन कार्यवाही पंजिका (फाइल) व्यक्तिगत रूप से आयोग सदस्य पुष्पा पाण्डेय को सौंपी गई। फाइल का अवलोकन करने के बाद उन्होंने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही पुलिस विभाग बरेली के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर इस केंद्र की कार्यशैली को पूरे प्रदेश में रोल मॉडल के रूप में लागू करने की अनुशंसा शासन से करेंगी।
इससे पूर्व, केंद्र परिसर में आयोग सदस्य के आगमन पर अध्यक्ष जय गोविन्द सिंह के नेतृत्व में सभी पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उनका शाल, पटका और स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीना स्वागत किया। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के दो वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस अवसर पर मिष्ठान वितरण भी किया गया।
इस दौरान योगेश माहेश्वरी, रामदीन सागर, रमाकांत तिवारी एडवोकेट, शोखी अग्रवाल, सीमा रजा, रजिया सुल्तान, शोभना अग्रवाल, महिला उप निरीक्षक अंजू कुमारी और मुख्य आरक्षी किरण मणि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोग सदस्य पुष्पा पाण्डेय ने कोतवाली आंवला की व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया। इस मौके पर कोतवाली आंवला के प्रभारी निरीक्षक बीनू सिंह सहित समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: पीएम मोदी ने भारत-बेल्जियम रक्षा और सुरक्षा सहयोग को बताया रणनीतिक साझेदारी का मुख्य स्तंभ

