पीलीभीत के 5 मजदूरों की मौत, हरियाणा जाते वक्त सोनीपत में पलटा वाहन, 7 की हालत गंभीर

Pilibhit News: पीलीभीत के दियोरिया कलां थाना क्षेत्र के बड़ेपुरा कुसुमा गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त मातम छा गया, जब हरियाणा में हुए भीषण सड़क हादसे में गांव के पांच लोगों की मौत की खबर पहुंची। ये सभी मजदूरी के लिए हरियाणा जा रहे थे।

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव से 11 मजदूर और एक चालक समेत 12 लोग लोडर वाहन में सवार होकर निकले थे। गुरुवार तड़के करीब 4 बजे सोनीपत के खरखौदा बस अड्डे के पास वाहन हादसे का शिकार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामनरेश (35), अग्रपाल मौर्य (30), सुशील शर्मा (22) और चालक आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मेवाराम (40) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

सात मजदूर गंभीर रूप से घायल

Pilibhit News

हादसे में खुशीराम शर्मा (55), प्रमोद मौर्य (18), संजीव मौर्य (25), पातीराम वर्मा (27), महेंद्र पाल मौर्य (60), हरिशंकर वर्मा (35) और विवेक (20) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को PGI Rohtak में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

खरखौदा थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है। उन्होंने मेवाराम की इलाज के दौरान मौत की भी पुष्टि की है।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से की बात

हादसे की जानकारी मिलने के बाद किसान नेता देवस्वरूप पटेल ने खरखौदा थाना प्रभारी से फोन पर बात कर घायलों की स्थिति जानी और बेहतर इलाज की मांग की। पीलीभीत सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद को भी हादसे की जानकारी दी गई।

बताया गया कि जितिन प्रसाद ने हरियाणा के उच्च अधिकारियों से बातचीत कर घायलों के इलाज समेत हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।

मृतकों के परिजन हरियाणा के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस के अनुसार, उनके पहुंचने के बाद पंचनामा की कार्रवाई की जाएगी और फिर शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे की खबर के बाद बड़ेपुरा कुसुमा गांव में मातम पसरा है और मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है।

Also Read: मदरसा शिक्षक की घिनौनी करतूत, 11 साल के नाबालिग लड़के के साथ 2 साल तक करता रहा यौन शोषण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.