UP में मौसम का हाई अलर्ट, 11 जिलों में रेड तो 28 में ऑरेंज अलर्ट, लखनऊ समेत 9 जिलों में 3 घंटे भारी
UP Weather Alert: आंध्र प्रदेश और ओडिशा के पास बने निम्न दबाव के चलते यूपी में मौसम का मिजाज अगले 27 सितंबर तक बिगड़ा रहेगा। इसे देखते हुए राहत आयुक्त डॉ0 हृषिकेश भास्कर यशोद ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के डीएम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। वहीं सचेत ऐप ने लखनऊ समेत 9 जिलों में अगले 3 घंटे में तेज आंधी और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राहत आयुक्त ने कहा कि मौसम विभाग ने प्रभाव-आधारित पूर्वानुमान जारी किया है। हर व्यक्ति के जान-माल की सुरक्षा प्रशासन का दायित्व है। अधिकारी खुद फील्ड में रहकर जायजा लें और पब्लिक एड्रेस सिस्टम व अन्य माध्यमों से चेतावनी जन-जन तक पहुंचाएं। आमजन से अपील है कि अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
राहत आयुक्त ने लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में रेड अलर्ट को देखते हुए विशेष सतर्कता और प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इन 28 जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी
28 जिलों बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं सहित आसपास के क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राहत आयुक्त ने आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट* के कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में आकस्मिक बाढ़ की आशंका जताते हुए राहत एजेंसियों को तैनात रखने को कहा है।
तेज आंधी और वज्रपात को देखते हुए निर्देश दिया गया है कि कोई भी व्यक्ति खुले स्थान, पेड़ के नीचे, बाग या पार्क में न रहे और कोई भी खुले आसमान के नीचे रहने को विवश न हो।
इधर, सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगले 03 घंटों में बाराबंकी, फतेहपुर, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव में कई जगहों पर 30-40 किमी/घंटा की तेज हवाओं (झोंके 50 किमी/घंटा तक) और बिजली कड़कने के साथ मध्यम से भारी बारिश की बहुत संभावना है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
Also Read: UP के होटलों की रसोई में चूहे-कॉकरोच, साथ रखा वेज-नॉनवेज, 24 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

