नए कलेवर में लौट रहा है बादशाह का टटीरी, अश्लीलता के आरोपों के बाद 14 अप्रैल को फिर से होगा रिलीज

Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाबी सिंगर और रैपर बादशाह का चर्चित गाना ‘टटीरी’, जिसे अश्लील बोलों के कारण सोशल मीडिया से हटा दिया गया था, एक बार फिर नए अवतार में रिलीज होने के लिए तैयार है। बादशाह ने न केवल अपनी गलती मानी और माफी मांगी है, बल्कि दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए गाने में जरूरी बदलाव भी किए हैं। अब यह गाना ‘टटीरी फिर से’ के टाइटल के साथ 14 अप्रैल को दोबारा यूट्यूब पर दस्तक देगा।

विवाद के बाद लिया बड़ा फैसला

बता दें कि ‘टटीरी’ गाने के कुछ लिरिक्स पर महिला आयोग, समाजसेवियों और संस्कृति प्रेमियों ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद इसे सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया था। बादशाह ने इंस्टाग्राम पर इस बदलाव की जानकारी देते हुए एक भावुक संदेश साझा किया।

बादशाह ने अपनी पोस्ट में लिखा- पिछले कुछ हफ्तों में हमने सरकारी अधिकारियों, महिला आयोग और हमारी संस्कृति की फिक्र करने वाले लोगों की बातों को गहराई से सुना है। हमने उन सभी हिस्सों को गाने से हटा दिया है जिन्हें अपमानजनक माना गया था। एक कलाकार के तौर पर अपनी समाज और संस्कृति के प्रति जिम्मेदारी को मैं अच्छी तरह समझता हूँ। उन्होंने आगे कहा कि ‘टटीरी फिर से’ इसी सफर का अगला कदम है। उन्हें उम्मीद है कि गाने का यह नया रूप दर्शकों को वही ऊर्जा देगा, लेकिन इस बार पूरी मर्यादा और सम्मान के साथ।

14 अप्रैल को होगी नई शुरुआत

बादशाह ने भरोसा दिलाया है कि इस बार गाने में ऐसा कुछ भी नहीं होगा जिससे हरियाणा की संस्कृति या देश की भावनाओं को ठेस पहुँचे। गाने के टाइटल में भी बदलाव किया गया है ताकि यह एक नई और सकारात्मक शुरुआत का संदेश दे सके।

Also Read: Mathura News: यमुना में नाव पलटी, पंजाब के 10 श्रद्धालुओं की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख

Get real time updates directly on you device, subscribe now.